मिमिक्री, संगीत और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ जनगणना 2026 का स्व-गणना अभियान
जनगणना 2026 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान का शुक्रवार को पटेल नगर उप-मंडल क्षेत्र में भव्य और रचनात्मक अंदाज में समापन हुआ। अंतिम दिन प्रशासन ने जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिमिक्री कलाकारों, संगीत प्रस्तुतियों और जनसंपर्क गतिविधियों का सहारा लिया। पूरे क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और नागरिकों को समय रहते स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया।
पटेल नगर प्रशासन की ओर से बाजारों, आरडब्ल्यूए क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में मिमिक्री कलाकारों ने मनोरंजक अंदाज में जनगणना का महत्व समझाया। कलाकारों ने आम बोलचाल की भाषा और हास्य शैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास और भविष्य की योजनाओं की आधारशिला है।
कार्यक्रमों के दौरान संगीत आधारित प्रस्तुतियों और संवाद कार्यक्रमों ने भी लोगों को काफी आकर्षित किया। कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने के लिए रुके और प्रशासन की इस पहल की सराहना की। वहीं मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी और लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।उप मंडल दंडाधिकारी (SDM) पटेल नगर, डॉक्टर नितिन शाक्य ने कहा कि जनगणना देश की नीतियों, योजनाओं और संसाधनों के सही वितरण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि पटेल नगर क्षेत्र में नागरिकों ने स्व-गणना अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशासन को अच्छा सहयोग मिला।
उन्होंने कहा,“आज स्व-गणना का अंतिम दिन था और लोगों में इसे लेकर विशेष जागरूकता देखने को मिली। मिमिक्री कलाकारों और संगीत के माध्यम से चलाया गया यह अभियान लोगों तक सरल और प्रभावी तरीके से संदेश पहुंचाने में सफल रहा। हमारा उद्देश्य था कि हर नागरिक जनगणना के महत्व को समझे और समय पर अपनी जानकारी दर्ज करे। अब अगले चरण में प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना कार्य करेंगे, ताकि कोई भी परिवार इस प्रक्रिया से छूट न जाए।”
स्थानीय निवासी श्री राकेश कुमार ने प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि मनोरंजन के माध्यम से जागरूकता फैलाने का तरीका लोगों को काफी पसंद आया। उन्होंने कहा कि सामान्यतः लोग सरकारी अभियानों को गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन इस कार्यक्रम ने लोगों को जोड़ने का काम किया।वहीं क्षेत्र की निवासी श्रीमती सुजाता शर्मा ने कहा कि संगीत और मिमिक्री के जरिए दी गई जानकारी लोगों को आसानी से समझ आई। इससे लोगों में जनगणना को लेकर रुचि और सहभागिता दोनों बढ़ीं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी घर-घर जनगणना अभियान के दौरान प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके। अधिकारियों के अनुसार सही आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी नीतियों को मजबूत आधार प्रदान करेंगे।
Leave a comment