हिमोफिलिया मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में दीनदयाल अस्पताल की बड़ी पहल, हिमोफिलिया मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में दीनदयाल अस्पताल की बड़ी पहल
हनी महाजन - प्रथम एजेंडा
नई दिल्ली। हिमोफिलिया सोसाइटी (दिल्ली) एवं दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पेशेंट एजुकेशन प्रोग्राम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिमोफिलिया मरीजों को बीमारी, उसके आधुनिक उपचार, प्रोफिलैक्सिस थेरेपी तथा सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज, उनके अभिभावक, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी एवं समाजसेवी संगठन शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं देश के प्रतिष्ठित हीमेटोलॉजिस्ट डॉ. ज्योति कोटवाल ने कहा कि आज चिकित्सा विज्ञान में हुई प्रगति के कारण हिमोफिलिया मरीज सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रोफिलैक्सिस थेरेपी से बार-बार होने वाले ब्लीडिंग एपिसोड को काफी हद तक रोका जा सकता है, जिससे बच्चों का शारीरिक विकास बेहतर होता है और उनके जोड़ों को होने वाले नुकसान से भी बचाव संभव है। उन्होंने अभिभावकों से नियमित उपचार और फॉलोअप जारी रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. मृगेन्द्र दास ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल हिमोफिलिया मरीजों की आवश्यकताओं को गंभीरता से समझता है और भविष्य में सुविधाओं के विस्तार को लेकर सकारात्मक रूप से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड्स और उनकी वास्तविक जरूरतों के आधार पर एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉ. अशोक (डीएमएस एवं नोडल ऑफिसर, हिमोफिलिया), डॉ. संजय राय (डीएमएस), डॉ. नवनीत रस्तोगी (एचओडी, ऑर्थोपेडिक्स), डॉ. रवि पाठक (मेडिसिन विभाग) तथा डॉ. शालिनी कक्कड़ ने भी अपने विचार रखे। विशेषज्ञों ने हिमोफिलिया मरीजों में समय पर उपचार, जोड़ों की देखभाल, फिजियोथेरेपी, नियमित जांच और प्रोफिलैक्सिस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों और उनके परिवारों की जागरूकता ही इस बीमारी से होने वाली जटिलताओं को कम करने की सबसे बड़ी कुंजी है।
इस अवसर पर अस्पताल के नर्सिंग विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका भी देखने को मिली। सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुनीता चौधरी, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर मरीना, एएनएस आशा एवं एएनएस कुसुम शर्मा सहित नर्सिंग स्टाफ ने मरीजों एवं अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। नर्सिंग अधिकारियों ने मरीजों को उपचार प्रक्रिया, देखभाल एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
हिमोफिलिया सोसाइटी दिल्ली की ओर से अध्यक्ष देवेंद्र सैनी, सचिव वैभव नेहरा, ईसी सदस्य अमित सैन, भरत खनेजा तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सोसाइटी प्रतिनिधियों ने कहा कि दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में हिमोफिलिया मरीजों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और दीनदयाल अस्पताल का सहयोग इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों और अभिभावकों ने अपने मेडिकल रिकॉर्ड्स एवं प्रोफिलैक्सिस से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने इन रिकॉर्ड्स का अवलोकन कर मरीजों की जरूरतों को समझा तथा भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सुझाव प्राप्त किए। इससे दीनदयाल अस्पताल में हिमोफिलिया मरीजों के लिए सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार हुआ।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण किरण देवी फाउंडेशन द्वारा हिमोफिलिया से पीड़ित बच्चों को स्कूल बैग वितरित करना रहा। फाउंडेशन के इस सराहनीय प्रयास ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने संस्था के सामाजिक योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे समाज के प्रति संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कार्यक्रम के समापन पर सभी चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, हिमोफिलिया सोसाइटी के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं मरीज परिवारों ने मिलकर हिमोफिलिया मरीजों के बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण उपचार और प्रोफिलैक्सिस सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में सैकड़ों हिमोफिलिया मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
कार्यक्रम के सफल समापन के बाद उपस्थित हिमोफिलिया मरीजों और उनके परिजनों ने दीनदयाल अस्पताल के चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सुनीता चौधरी के मार्गदर्शन और सहयोग की सराहना की गई। हिमोफिलिया समूह की ओर से योगेश सेन (अमित) ने उन्हें संदेश भेजकर धन्यवाद देते हुए कहा कि, "मैडम, आज आपसे मिलना हमारे लिए अत्यंत सुखद और प्रेरणादायक अनुभव रहा। आपका मार्गदर्शन, उत्साहवर्धन और बहुमूल्य सुझाव हमारे हिमोफिलिया समूह को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। हमें आशा है कि भविष्य में भी आपका स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। यदि कभी भी हिमोफिलिया सेवा, स्वयंसेवी कार्य या किसी भी सामाजिक कार्य में हमारी आवश्यकता हो तो कृपया हमें अवश्य याद करें। आपके साथ सेवा कार्य करने का अवसर हमारे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात होगी। एक बार फिर आपके समय, सहयोग और आत्मीयता के लिए हृदय से धन्यवाद। हम आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और निरंतर सफलता की कामना करते हैं।" इस संदेश ने कार्यक्रम में बने आत्मीय और सहयोगात्मक वातावरण को और अधिक मजबूत किया।
gud work