Hindi News / शहर और राज्य

11 अक्टूबर से शुरू होगी लव कुश रामलीला, फिल्म-टीवी कलाकार निभाएंगे राम, सीता, हनुमान और रावण के किरदार

11 किलो के मुकुट में दिखा रावण का रौब, लालकिले पर रामलीला की फुल ड्रेस रिहर्सल
11 अक्टूबर से शुरू होगी लव कुश रामलीला, फिल्म-टीवी कलाकार निभाएंगे राम, सीता, हनुमान और रावण के किरदार
11 अक्टूबर से शुरू होगी लव कुश रामलीला, फिल्म-टीवी कलाकार निभाएंगे राम, सीता, हनुमान और रावण के किरदार
  • 11 किलो के चमचमाते मुकुट और रौबदार आवाज में दिखा लंकापति रावण का जलवा, लालकिले पर गूंजेगी रामकथा
  • 11 अक्टूबर से शुरू होगी लव कुश रामलीला
  • श्रीराम, सीता, हनुमान और रावण के किरदारों में फिल्म-टीवी कलाकार दिखाएंगे अभिनय का दम
  • 140 फीट लंबे भव्य मंच पर साकार होगा मीनाक्षी मंदिर

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर। लालकिला मैदान में 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रही ऐतिहासिक लव कुश रामलीला की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को रामलीला के प्रमुख पात्रों की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई, जिसमें कलाकारों की दमदार अदाकारी, भव्य वेशभूषा और शानदार मंच सज्जा ने आयोजन की भव्यता की झलक दिखा दी। खास आकर्षण लंकापति रावण का करीब 11 किलोग्राम वजनी चमचमाता मुकुट, भारी-भरकम पोशाक और रौबदार आवाज रही। वहीं श्रीराम के रूप में कलाकार देवेश शर्मा की सौम्य और प्रभावशाली प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह राममय कर दिया।

इस अवसर पर लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने मीडिया को रामलीला के प्रमुख कलाकारों से रूबरू कराया। इस वर्ष फिल्म और टेलीविजन जगत के अनुभवी कलाकार रामायण के प्रमुख पात्रों को जीवंत करते नजर आएंगे। विशाल लालकिला मैदान में अत्याधुनिक तकनीक, भव्य सेट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और पारंपरिक भारतीय संस्कृति के समन्वय से रामकथा को दर्शकों के सामने बेहद भव्य अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

देवेश शर्मा निभाएंगे श्रीराम की भूमिका

श्रीराम की भूमिका निभा रहे अभिनेता देवेश शर्मा टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक साम दाम दंड भेद सहित कई परियोजनाओं में काम कर चुके हैं। वह युग के 251 एपिसोड में मुख्य भूमिका भी निभा चुके हैं। देवेश शर्मा ने कहा कि लालकिला मैदान में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उनके अनुसार श्रीराम का चरित्र निभाना केवल अभिनय नहीं, बल्कि आस्था, जिम्मेदारी और मर्यादा से जुड़ा अनुभव है।

माता सीता के रूप में नजर आएंगी कावेरी प्रियम

माता सीता की भूमिका लोकप्रिय अभिनेत्री कावेरी प्रियम निभा रही हैं। वह ये रिश्ते हैं प्यार के, दिल माने ना, गुम है किसी के प्यार में, शक्ति और जिद्दी जैसे चर्चित धारावाहिकों के साथ कई ओटीटी परियोजनाओं में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुकी हैं। कावेरी के अनुसार माता सीता का चरित्र धैर्य, त्याग, मर्यादा और शक्ति का प्रतीक है और इस भूमिका को निभाना उनके अभिनय करियर का बेहद महत्वपूर्ण अनुभव है।

महाबली हनुमान के रूप में टाइगर पंकज कामद

महाबली हनुमान की भूमिका अभिनेता टाइगर पंकज कामद निभा रहे हैं। वह अंगद, इन्द्रदेव, रानी की प्रेम कहानी, परशुराम और युधिष्ठिर जैसे धारावाहिकों में प्रमुख किरदार निभा चुके हैं। पंकज कामद ने कहा कि हजारों दर्शकों के सामने विशाल मंच पर हनुमान जी का किरदार पूरी ऊर्जा और भावनाओं के साथ निभाना बड़ी चुनौती है। वह इसे अपने अभिनय करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभवों में से एक मानते हैं।

रावण के रूप में राजप्रेमी का रौबदार अंदाज

लंकापति रावण की भूमिका अभिनेता राजप्रेमी निभा रहे हैं। हिन्दी फिल्म और टेलीविजन जगत के जाने-माने कलाकार राजप्रेमी सलमान खान की वीर, सनी देओल की गदर और महाबली हनुमान सहित कई चर्चित परियोजनाओं का हिस्सा रहे हैं। रामलीला में उनके रावण के किरदार को प्रभावशाली बनाने के लिए खास तैयारी की गई है। रौबदार आवाज, भारी-भरकम वेशभूषा, विशिष्ट व्यक्तित्व और करीब 11 किलो वजनी मुकुट के साथ उनका लुक दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनने वाला है।

मुंबई के अनुभवी कॉस्ट्यूम डिजाइनर तैयार कर रहे भव्य पोशाक

रामलीला के प्रमुख पात्रों की वेशभूषा तैयार करने की जिम्मेदारी अनुभवी कॉस्ट्यूम डिजाइनर विष्णु पाटिल और उनकी टीम संभाल रही है। बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय महाभारत, देवों के देव महादेव सहित बड़े टेलीविजन प्रोजेक्ट्स और फिल्मों के लिए कॉस्ट्यूम तैयार कर चुके विष्णु पाटिल पिछले करीब दो महीने से लव कुश रामलीला के पात्रों की पोशाकों पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि रावण के लिए हर वर्ष नए अंदाज के अस्त्र-शस्त्र, मुकुट और आभूषण तैयार करना चुनौतीपूर्ण होता है। श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की पोशाकों में बनारस और कांचीपुरम की पारंपरिक शैली की झलक दिखाई देगी, जबकि रावण की पोशाक में मुंबई और राजस्थान से विशेष सामग्री और डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है। इस बार रावण के लिए गहरे काले रंग की भारी पोशाक और लगभग 11 किलोग्राम वजन का चमचमाता मुकुट तैयार किया गया है।

तीन दशक से मेकअप की दुनिया में सक्रिय पंकज जीवराज चौटलिया

रामलीला के प्रमुख कलाकारों के मेकअप, स्टाइल और लुक को तैयार करने की जिम्मेदारी अनुभवी मेकअप डिजाइनर पंकज जीवराज चौटलिया संभाल रहे हैं। बुलेट राजा और रागिनी एमएमएस सहित कई फिल्मों और टेलीविजन परियोजनाओं से जुड़े पंकज पिछले करीब तीन दशकों से मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने अरुण गोविल, दीपिका, दारा सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, राज बब्बर, मनोज तिवारी और विद्युत जामवाल सहित अनेक कलाकारों के साथ काम किया है। इस बार वह मुंबई से अपनी टीम के साथ रामलीला के प्रमुख पात्रों के लिए विशेष मेकअप और लुक तैयार कर रहे हैं।

140 फीट लंबे मंच पर साकार होगा भव्य मीनाक्षी मंदिर

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष करीब 140 फीट लंबे, 60 फीट चौड़े और 45 फीट ऊंचे विशाल मंच पर भव्य मीनाक्षी मंदिर का सेट तैयार किया गया है। इस विशाल सेट के निर्माण में गुजरात, कोलकाता, महाराष्ट्र, मयूरा और दिल्ली से आए करीब 40 कुशल कारीगर जुटे हुए हैं। मंच सज्जा में भारतीय मंदिर स्थापत्य और पारंपरिक कला की झलक के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है।

अर्जुन कुमार ने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी का उद्देश्य हर वर्ष की तरह इस बार भी दर्शकों को केवल रामलीला देखने का नहीं, बल्कि रामायण की दिव्य गाथा को भव्य दृश्य और भावनात्मक अनुभव के रूप में महसूस करने का अवसर देना है। भव्य मंच, प्रभावशाली अभिनय, आकर्षक वेशभूषा, आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का समन्वय इस वर्ष के आयोजन को खास बनाएगा।

11 से 21 अक्टूबर तक होगा भव्य रामलीला मंचन

कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि लालकिला मैदान में लव कुश रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर विशेष आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को रामलीला के शुभारंभ अवसर पर गणपति पूजन लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल के कर-कमलों से संपन्न होगा।

सुभाष गोयल ने कहा कि इस बार अत्याधुनिक लाइटिंग, भव्य सेट, विशाल मंच, फिल्म एवं टेलीविजन कलाकारों की मौजूदगी और भारतीय संस्कृति की शानदार झलक दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। लालकिला मैदान में होने वाली यह रामलीला एक बार फिर राजधानी में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और भव्य रंगमंच का अद्भुत संगम प्रस्तुत करने के लिए तैयार है।

Views 4

Leave a comment

Current time: 10 Oct 2026, 12:32 AM