आजादी के बाद कभी धर्म के नाम पर नहीं बंटा था भारत, फिर क्यों एक-दूसरे के दुश्मन बनते जा रहे हैं लोग?
नई दिल्ली हनी महाजन
भारत जब आजाद हुआ था, तब इस देश की पहचान किसी एक धर्म से नहीं, बल्कि इसकी गंगा-जमुनी तहजीब, भाईचारे और आपसी प्रेम से होती थी। यहां अलग-अलग धर्मों, जातियों और समुदायों के लोग एक साथ रहते थे। एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते थे, साथ खाते-पीते थे और सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते थे। लेकिन आज समाज में एक ऐसा बदलाव देखने को मिल रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। आज कई जगह इंसान को इंसान के रूप में देखने के बजाय उसके धर्म से पहचानने की प्रवृत्ति बढ़ती दिखाई दे रही है। किसी को देखकर यह पूछा जाने लगा है कि वह हिंदू है या मुसलमान? आखिर यह सोच हमारे समाज को किस दिशा में लेकर जा रही है?
**दिल्ली की गलियों में भी बदलती दिखाई दे रही है भाईचारे की तस्वीर**
दिल्ली जैसी महानगरी की कॉलोनियों में वर्षों से अलग-अलग धर्मों के परिवार एक साथ रहते आए हैं। एक-दूसरे के घर आना-जाना, त्योहारों पर मिठाइयां बांटना, बच्चों का साथ खेलना और पड़ोसियों के सुख-दुख में शामिल होना यहां की पहचान रही है। लेकिन आज कुछ इलाकों में आपसी रिश्तों के बीच धर्म और नफरत की दीवारें खड़ी होती दिखाई दे रही हैं। लोग एक-दूसरे को शक की नजर से देखने लगे हैं। जो पड़ोसी कभी परिवार की तरह रहते थे, उनके बीच भी दूरियां बढ़ने की शिकायतें सामने आती हैं।
**आखिर पिछले कुछ वर्षों में ऐसा क्या बदल गया?**
सवाल यह भी है कि क्या हमारी राजनीति और समाज में धर्म को लेकर होने वाली बयानबाजी ने आम लोगों की सोच को प्रभावित किया है? क्या चुनावी बहसों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली नफरत ने लोगों के आपसी रिश्तों पर असर डाला है? इन सवालों पर हर नागरिक और हर राजनीतिक दल को आत्ममंथन करने की जरूरत है। राजनीति अपनी जगह है और धर्म हर व्यक्ति की निजी आस्था। लेकिन किसी भी नेता, संगठन या विचारधारा को यह अधिकार नहीं होना चाहिए कि वह लोगों के बीच नफरत की दीवार खड़ी करे।
**देश मंदिर-मस्जिद से नहीं, आपसी मोहब्बत और एकता से मजबूत होता है।*
हमें यह याद रखना होगा कि जब किसी के घर में परेशानी आती है तो उसका पड़ोसी सबसे पहले मदद के लिए पहुंचता है, उसका धर्म नहीं पूछा जाता। जब किसी गरीब को खून की जरूरत होती है तो खून देने वाले का मजहब नहीं देखा जाता। आज जरूरत है कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी एक बार फिर उसी भाईचारे को मजबूत करें, जिसके लिए भारत दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। क्योंकि आखिर में सवाल सिर्फ इतना है...
*हम अपने बच्चों को कैसा भारत देकर जाना चाहते हैं? ऐसा भारत जहां पड़ोसी का धर्म देखकर दोस्ती हो, या ऐसा भारत जहां इंसानियत देखकर रिश्ते बनाए जाएं?* याद रखिए, धर्म इंसान को अपनी आस्था से जोड़ता है, लेकिन नफरत इंसान को इंसान से दूर कर देती है। हिंदू-मुस्लिम बाद में, हम सब पहले इंसान हैं और सबसे पहले भारतीय हैं।
Leave a comment