श्री केशव रामलीला कमेटी के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की निःशुल्क जांच
- श्री केशव रामलीला कमेटी के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की निःशुल्क जांच
- दिल्ली सरकार की योजनाओं का भी मिला लाभ, महिलाओं के पिंक कार्ड जारी किए और लक्ष्मी योजना के लिए हुआ पंजीकरण
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर 2026 पीतमपुरा स्थित नेताजी सुभाष प्लेस के डीडीए ग्राउंड में श्री केशव रामलीला कमेटी की ओर से रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया। जन सेवा फाउंडेशन के सहयोग से निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई।
शिविर में जनरल फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, त्वचा एवं बाल रोग विशेषज्ञ, कैंसर विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट सहित आयुर्वेद, होम्योपैथी और प्राकृतिक चिकित्सा के विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। लोगों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, आंखों, दांतों, हड्डियों, फेफड़ों और किडनी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। महिलाओं के लिए निःशुल्क पैप स्मीयर जांच, एनीमिया जांच, ईसीजी और छाती के एक्स-रे सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
नेत्र जांच के साथ जरूरतमंदों को नजदीक का चश्मा उपलब्ध कराने और मोतियाबिंद के ऑपरेशन की सुविधा भी रखी गई। कानों की जांच के साथ सुनने की मशीन उपलब्ध कराने, हड्डियों में कैल्शियम की स्थिति की जांच तथा अन्य स्वास्थ्य परीक्षणों की व्यवस्था की गई। लायंस डायग्नोस्टिक्स की ओर से किडनी की निःशुल्क जांच की गई, जबकि अन्य जांचों पर 60 प्रतिशत की छूट उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ
शिविर की विशेषता यह रही कि लोगों को स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर भी मिला। महिलाओं के लिए निःशुल्क डीटीसी बस यात्रा से संबंधित पिंक कार्ड बनवाने की व्यवस्था की गई। दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना के अंतर्गत महिलाओं का पंजीकरण किया गया। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, आभा हेल्थ कार्ड, लेबर कार्ड और अन्य योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। दिल्ली पुलिस की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के पंजीकरण की सुविधा भी प्रदान की गई।
शिविर में मैक्स अस्पताल, यथार्थ अस्पताल, राजीव गांधी कैंसर संस्थान, आरबीटीबी अस्पताल, क्लोव डेंटल, लायंस डायग्नोस्टिक्स और डॉक्टर्स ऑन ड्यूटी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का सहयोग रहा।
श्री केशव रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी माध्यम है। कमेटी का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के साथ जनसेवा की गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार संबंधी परामर्श बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे शिविर लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। अशोक गोयल देवराहा ने कहा कि जन डिस्पेंसरी के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई व्यक्ति बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। स्वास्थ्य शिविर और जन डिस्पेंसरी जैसी पहलें समाज के कमजोर वर्गों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
Leave a comment