कृष्णा एन्क्लेव, अशोक विहार में 11वीं बार विराजे गणपति बप्पा
- कृष्णा एन्क्लेव, अशोक विहार में 11वीं बार विराजे गणपति बप्पा
- सात दिवसीय गणेश उत्सव में भक्ति, उल्लास और रंगारंग कार्यक्रमों की धूम
नई दिल्ली। अशोक विहार स्थित कृष्णा एन्क्लेव में इस वर्ष एक बार फिर श्रद्धा और उत्साह के साथ गणपति बप्पा की स्थापना की गई। कृष्णा एन्क्लेव में पिछले 11 वर्षों से गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जा रहा है।
गणपति बप्पा के आगमन से लेकर विसर्जन तक चलने वाले इस सात दिवसीय गणेश उत्सव में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। सुबह-शाम पूजा-अर्चना और आरती के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहता है।
इस आयोजन में बच्चों के लिए विशेष सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जिसमें बच्चे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उत्सव के दौरान रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाता है।
इस पूरे आयोजन का नेतृत्व विक्रम वैष कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में गणपति सेना महासभा, दिल्ली की पूरी टीम उत्साह और समर्पण के साथ गणेश उत्सव को सफल बनाने में जुटी हुई है। टीम का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
गणपति बप्पा के सात दिनों के प्रवास के दौरान कृष्णा एन्क्लेव में उत्सव जैसा माहौल बना रहता है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में बप्पा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेते हैं। आयोजन समिति के सदस्यों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गणेश उत्सव को श्रद्धा, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
“गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ!” के जयघोष के साथ सात दिवसीय उत्सव का समापन भव्य विसर्जन के साथ किया जाएगा।
Leave a comment