प्रधानाचार्य गुरु दत्त के नेतृत्व में बदली सर्वोदय बाल विद्यालय, मोती नगर की तस्वीर
- प्रधानाचार्य गुरु दत्त के नेतृत्व में बदली सर्वोदय बाल विद्यालय, मोती नगर की तस्वीर
- हरियाली, आधुनिक सुविधाएं और सामाजिक सहभागिता से सरकारी स्कूल बना मिसाल, विद्यार्थियों को मिला अनुभवात्मक शिक्षा का अनूठा मॉडल
हनी महाजन - नई दिल्ली
नई दिल्ली। राजधानी के सर्वोदय बाल विद्यालय (SBV), मोती नगर में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय का बदला हुआ स्वरूप सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यालय परिसर में किए गए विकास कार्य, हरियाली, स्वच्छ वातावरण और विद्यार्थियों के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं को देखकर उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरु दत्त के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों में स्कूल का व्यापक कायाकल्प हुआ है। उनका उद्देश्य केवल विद्यालय की इमारत को सुंदर बनाना नहीं, बल्कि ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करना रहा है, जहां विद्यार्थी पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा भी प्राप्त कर सकें। इसी सोच के तहत विद्यालय परिसर को एक ग्रीन लर्निंग कैंपस के रूप में विकसित किया गया है।
पिछले तीन वर्षों में जिस स्थान पर कभी सामान्य मैदान हुआ करता था, वहां आज विद्यार्थियों के लिए मैथ्स पार्क, साइंस पार्क, किचन गार्डन, हर्बल गार्डन, फ्लावर गार्डन और बटरफ्लाई गार्डन विकसित किए गए हैं। इन पार्कों का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन से जोड़ना है। अब विद्यार्थी गणित के सिद्धांतों को मैथ्स पार्क में गतिविधियों के माध्यम से समझते हैं, साइंस पार्क में विज्ञान के प्रयोगों और सिद्धांतों को प्रत्यक्ष रूप से सीखते हैं, किचन गार्डन के माध्यम से जैविक खेती और पोषण का महत्व जानते हैं, हर्बल गार्डन में औषधीय पौधों की पहचान और उपयोगिता से परिचित होते हैं, फ्लावर गार्डन जैव विविधता का संदेश देता है, जबकि बटरफ्लाई गार्डन बच्चों को तितलियों के जीवन चक्र, परागण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करता है। यही कारण है कि विद्यालय का यह परिसर आज विद्यार्थियों के लिए एक ओपन-एयर क्लासरूम बन चुका है।
विद्यालय परिसर में सैकड़ों औषधीय, फलदार, छायादार और सजावटी पौधे लगाए गए हैं। हरियाली से भरपूर यह वातावरण विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना और जिम्मेदारी का विकास कर रहा है। जिन पौधों के बारे में बच्चे पहले केवल पुस्तकों में पढ़ते थे, आज उन्हें अपनी आंखों के सामने देखकर उनकी पहचान और उपयोगिता भी सीख रहे हैं।
विद्यालय की स्वच्छता, अनुशासित वातावरण, सुव्यवस्थित परिसर और विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे नवाचारों ने यह साबित कर दिया है कि यदि नेतृत्व मजबूत और सोच सकारात्मक हो, तो सरकारी विद्यालय भी किसी निजी विद्यालय से कम नहीं होते। आज सर्वोदय बाल विद्यालय, मोती नगर अपने उत्कृष्ट वातावरण, आधुनिक शिक्षण मॉडल और नवाचारों के कारण राजधानी के सरकारी विद्यालयों में एक अलग पहचान बना चुका है।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय किरण फाउंडेशन द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो वाटर कूलर भेंट किया गया। इस पहल से अब सैकड़ों विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा। विद्यालय प्रशासन ने इस योगदान को बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए किरण फाउंडेशन की टीम का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के विकास की इस यात्रा में प्रशासनिक सहयोग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। डॉ. नितिन शाक्य जो वर्तमान में पटपड़गंज के एसडीएम के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इससे पहले पटेल नगर क्षेत्र में कार्यरत रहते हुए प्रधानाचार्य गुरु दत्त के साथ मिलकर विद्यालय के विद्यार्थियों के हित में अनेक सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने में उनका सहयोग समय-समय पर मिलता रहा है। विद्यालय परिवार का मानना है कि प्रशासन और समाज के ऐसे समन्वित प्रयास ही सरकारी विद्यालयों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और विकास कार्यों की सराहना की। उनका कहना था कि सर्वोदय बाल विद्यालय (SBV), मोती नगर केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, अनुभवात्मक शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का एक उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरा है। प्रधानाचार्य गुरु दत्त के नेतृत्व में विकसित यह विद्यालय इस बात का जीवंत उदाहरण है कि दूरदर्शी सोच, प्रशासन का सहयोग और समाज की भागीदारी से सरकारी विद्यालय भी उत्कृष्टता की नई पहचान स्थापित कर सकते हैं।
Congratulations to school family and specially to principal Mr.Gurudutt. Keep doing good work💐. All the best 🌺👍🏻
Great afferrt
Excellent work sir ji
Well done everyone 🙏💐
Excellent work